झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को ईडी फिलहाल बख्सने के मूड में नहीं है। इस बार ED ने हेमंत सोरेन के जमीन घोटाले मामले में जमीन माफिया सद्दाम को गिरफ्तार किया है। ED ने उसे रांची के बड़गाईं में हुए जमीन घोटाले मामले में गिरफ्तार किया है। जहां से उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में भेज दिया गया है।
दरअसल, रांची की एक विवादित जमीन पर हेमंत सोरेन कब्जा करना चाह रहे थे। हेमंत सोरेन के पक्ष में उस जमीन को करने के लिए वास्तविक दस्तावेजों में हेराफेरी का सारा काम सद्दाम के द्वारा ही किया गया था। ऐसे में ED ने इस मामले में सद्दाम के खिलाफ साक्ष्य मिलने के बाद उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक बार फिर से रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
बता दें कि जमीन घोटाले मामले में 4 अप्रैल 2023 को ही सद्दाम को गिरफ्तार किया गया था, उसके बाद से सद्दाम जेल में ही है। रांची में सेना जमीन घोटाला मामले में पूर्व से ही सद्दाम जेल में बंद है। अब सद्दाम हेमंत सोरेन से जुड़े मामले में भी आरोपित बनाया गया है। बता दें कि बड़गाईं अंचलकर्मी भानु प्रताप लैंड स्कैम का मुख्य सूत्रधार था। 4 अप्रैल 2023 को भानु के साथ-साथ सद्दाम को भी गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान कई अन्य जमीन दलालों को भी ईडी के द्वारा गिरफ्तार किया गया था।