झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी की रिमांड में हैं। गिरफ्तार होने के बाद एक दिन होटवार जेल में रहे हेमंत सोरेन के लिए ईडी को पहले 5 दिनों की रिमांड मिली थी। इसके बाद ईडी ने दुबारा रिमांड के लिए कहा तो कोर्ट ने 5 दिनों की रिमांड और दे दी है। इस बीच ईडी की हिरासत के दौरान, झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन से उनके करीबी सहयोगी बिनोद सिंह के साथ व्हाट्सएप पर उनकी चैट का सामना कराए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि इन चैट्स में कई संपत्तियों का विवरण शामिल है। इन चैट्स में न केवल कई संपत्तियों के संबंध में गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान शामिल है, बल्कि ट्रांसफर पोस्टिंग, सरकारी रिकॉर्ड साझा करने आदि से संबंधित अन्य आपत्तिजनक जानकारियां भी शामिल हैं। इसमें बड़ी मात्रा में धन उत्पन्न और लेनदेन किया गया है, ऐसा प्रतीत हो रहा है।
इसके अलावा, बिनोद सिंह ने अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के कई एडमिट कार्ड को अपने कब्जे में लेने और साझा करने आदि के संबंध में कई अन्य लोगों के साथ व्हाट्सएप चैट की है।