भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर झारखंड सरकार में मंत्री बसंत सोरेन ने पलटवार किया है। दुमका के खिजुरिया स्थित आवास में मीडिया से बातचीत के मंत्री बसंत सोरेन ने निशिकांत दुबे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मर्दों से टकराना ठीक नहीं होता है। जेएमएम में सभी मर्द होते हैं। इसलिए उन्हें बच कर रहना चाहिए।
दरअसल, दो दिन पूर्व निशिकांत दुबे ने कहा था कि जैसे ही कल्पना सोरेन राज्य की मुख्यमंत्री बनेंगी वैसे ही बसंत सोरेन, जो मर्द आदमी है वे अपने पिता की विरासत भाभी (कल्पना सोरेन) के हाथ में देना पसंद नहीं करेंगे और झामुमो छोड़ देंगे। उनके इस बयान को लेकर जब बसंत सोरेन से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे मर्द कहने के लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। उन्हें यह जानना चाहिए कि झामुमो से जुड़े लोग मर्द ही होते हैं और मर्दों से टकराना अच्छी बात नहीं होती।
बसंत सोरेन ने कहा कि निशिकांत दुबे किस ओझागुणी के दम पर ये यह बात कह रहे हैं। ये सबको पता है कि किस ओझागुणी के जरिये उन्होंने हेमंत जी को जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि हमलोग भी झाड़-फूंक जानते हैं। हमारे समाज में भी झाड़-फूंक बहुत बढ़िया होता है। कहा कि उम्मीद है हेमंत सोरेन चुनाव प्रचार के दौरान होंगे, अगर नहीं होंगे, तो उनके विचार हमारे साथ होंगे। यहां के घर-घर में हेमंत बसता है तो सभी घर में हमारे स्टार प्रचारक हैं।