झारखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रांची खूंटी एनएच पर छापेमारी कर 117 बोरा डोडा (अफीम) जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत करीब 4 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। रांची पुलिस की इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई से नशे कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड के खूंटी से अफीम की बड़ी खेप राजस्थान भेजे जा रहा है। सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच की इनपुट की मदद से खूंटी से रांची हाईवे तक जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी लगा दी गई और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी क्रम में खूंटी से रांची के तमाड़ जाने वाले रास्ते में एक कंटेनर को रोककर तलाशी लेने उसमें 117 बोरा डोडा बरामद किया गया। कंटेनर के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि झारखंड के नशे के तस्करों का पहली बार राजस्थान लिंक सामने आया है। रांची पुलिस मामले को लेकर राजस्थान पुलिस के भी संपर्क में है, साथ ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को भी इस मामले की जानकारी दी गई है। इतने बड़े पैमाने पर डोडा मिलने के बाद रांची पुलिस तो एक्टिव हुई है। साथ-साथ झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच भी मामले के तफ्तीश में जुट गयी है।