[Team Insider] आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सत्ता से भी ज्यादा अहम और बड़ी होती है। हम और हमारी पार्टी मजबूती से इसे निभा रही। झारखंड की जनभावना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और मांगों को लेकर पार्टी अंबेडकर जंयती के दिन 14 अप्रैल को पूरे राज्य में जेल भरो आंदोलन चलाएगी।
मुख्यमंत्री अपने वादे से पलटते- मुकरते रहे
रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में सभी जिला अध्यक्ष, सचिव और विधानसभा प्रभारियों के साथ आंदोलन की तैयारियों और जन धन संग्रह कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने ये बातें कही। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की गलत नीतियां, वादाखिलाफी, संपदाओं की लूट, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई का आह्वान किया। आजसू प्रमुख ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अपने वादे और सत्तारूढ़ दलों की घोषणाओं से पलटते- मुकरते रहे। पूरे राज्य ने इसे देखा। विधानसभा सत्र में भी हमने हर जरूरी सवाल उठाये। सरकार के जवाब से जनता निराश है। ढाई साल में सरकार ने राज्य के सभी वर्गों को छला है। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। संसाधनों की लूट मची है।
थाने जाकर गिरफ्तारी देने को तैयार
उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान सात मार्च को पार्टी ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा था। हमारे हजारों कार्यकर्ताओं, समर्थको को रोकने के लिए सरकारी तंत्र ने पूरी ताकत लगा दी। जगह- जगह बैरिकेड लगाए। राजधानी रांची की सड़कें पुलिस छावनी में बदल गई। पार्टी आम अवाम की आवाज विधानसभा पहुंचाने निकली थी। अगर इन आवाज, सवाल से कानून व्यवस्था बिगड़ती है, तो हम सीधे थाने जाकर गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।
आजसू पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने की राज्यपाल से मुलाकात
राज्य सरकार के पदों पर आरक्षण के आधार पर प्रोन्नत सरकारी सेवकों की परिणामी वरीयता का विस्तार विधेयक 2022 के विरुध्द आपत्तियों को लेकर आजसू पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की। आजसू पार्टी प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रुप से पार्टी के प्रधान महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष उमाकांत रजक शामिल थे।