झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां माटिहाना पंचायत के धरमपुर गांव में मिट्टी धंसने से 3 महिलाओं की मौत हो गई है। हादसे में 6 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है।
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी मजदूर सफेद मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। घटना घाटशिला अनुमंडल स्थित बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मटिहाना पंचायत की है। शवों को निकालने का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचायत के कोकमारा गांव के पास चाकुलिया-बहरागोड़ा मुख्य मार्ग के किनारे खड़ी मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। इस काम में कई मजदूर लगे हुए थे। इसी दौरान मिट्टी धंस गई। मिट्टी धंसने से कई मजदूर मिट्टी में दब गए। घटना की जानकारी बहरागोड़ा थाना प्रभारी को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी विकास कुमार और बहरागोड़ा अंचलाधिकारी भोले शंकर महतो तुरंत मौके पर पहुंचे।
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा- ‘अत्यंत दुःखद घटना, निशब्द हूं। बहरागोड़ा के माटिहाना पंचायत के कोकमारा-जामिरडीहा में मिट्टी धंसने से सात महिलाओं की दबने की खबर से ह्रदय द्रवित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उक्त घटना में जान गंवाने वालों को अपने श्री चरणों में स्थान दें और घायलों को जल्द स्वस्थ्य करें।’
हालांकि, मृतकों के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही बहरागोड़ा विधायक समीर महंती भी मौके पर पहुंचे और मृतकों और घायलों के परिजनों से मुलाकात की।