पिछले कई दिनों से झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। बदले हुए मौसम के कारण राज्य में फिलहाल कहीं भी लू की स्थिति नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक का कहना है कि मौसम में यह बदलाव पहले से ही अनुमानित था। एक साइक्लोनिक टर्फ पूर्वी असम से झारखंड होते हुए उत्तरी ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसी के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है।
वैज्ञानिक के अनुसार, 10 मई को भी दक्षिणी और मध्य झारखंड में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश के भी आसार हैं। 11 मई को हवा के साथ वज्रपात और हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश होने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। 15 मई के बाद से अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है।
वहीं बीते 24 घंटों में राजधानी रांची सहित कई इलाकों में तेज हवा के साथ मौसम ने करवट बदली और गरज के साथ बारिश शुरू हो गयी। इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है।
रांची में 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे अधिक 57.8 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम स्थित नोवामुंडी और 25 मिमी बारिश जमशेदपुर में हुई है। मौसम में आये इस बदलाव से राज्य के सभी शहरों के अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।