झारखण्ड में भारी बारिश से कई जगहों पर भारी तबाही हुई है। कई लोगों को जानें भी चली गई है। झारखण्ड में रामगढ़ जिला के पतरातू प्रखंड स्थित बासल थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के समीप 19 अगस्त की देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पहाड़ी नदी में अचानक आए उफान में इंट्रीविटी रिसॉर्टस के समीप खड़ी आल्टो कार और स्कूटी बह गई। 20 अगस्त की सुबह घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर एक महिला और पुरूष का शव मिला है। आशंका है कि बाढ़ में कुछ और लोग बहे हैं, जिनकी तलाश चल रही है।
जन्माष्टमी की छुट्टी के कारण भीड़
बताते चलें पतरातू लेक रिसॉर्ट और हालिया दिनों बनी इंट्रीविटी रिसोर्ट के समीप लोग अक्सर पिकनिक-पार्टी के लिए जुटते हैं। इसमें काफी संख्या में कई जगहों लोग भी होते हैं। शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी होने की वजह से रिसॉर्ट्स के आसपास काफी संख्या में लोग जुटे थे।
6 लोग बहे, पुष्टि नहीं
पतरातू पुलिस और स्थानीय लोग राहत कार्य चला रही है। क्षेत्र में चर्चा है कि तीन वाहनों के पानी में बहने से 6 से 8 लोग पानी में बह गए हैं। लेकिन इस बात की पुष्टि पुलिस नहीं कर रही है। पतरातू पुलिस को अब तक दो लोगों का शव भी बरामद हुआ है। राहत कार्य में स्थानीय लोग भी पुलिस का बढ़ चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन अब भी शक के आधार पर अन्य लोगों की खोजबीन में लगी है। पुलिस इस संबंध में अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।
वहीं जिला पुलिस से पूछने पर पता चला कि अभी तक पुलिस को केवल 2 लोगों का शव ही बरामद हुआ है। मृतकों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। पतरातू में हुए इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।बताया जाता है कि कार सवार लोग चाईबासा से पतरातू घूमने आये थे।