गर्मी बढ़ते ही झारखंड की राजधानी रांची में जल संकट गहराने लगा है। बुधवार को पेयजल और स्वच्छता विभाग ने मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लिया है। इसके चलते राजधानी में 8 लाख लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। राजधानी में पांच जगहों पर पाइपलाइन मरम्मत का कार्य किया जाना है। यह कार्य सुबह 9 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक चलेगा।
विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि शहर में 5 जगहों पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। जिसमें मनन विद्यालय, रूक्का, रंगोली ब्रिज, एनसीसी कैंपस रूक्का और ओल्ड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट रूक्का शामिल है। उन्होंने बताया कि शटडाउन की सूचना विभाग द्वारा जारी कर दी गई है। शटडाउन का कामकाज सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगा। विभाग ने पांच अलग-अलग टीम बनाई है। टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि तय समय पर काम पूरा कर लिया जाए।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाम 7 बजे तक मरम्मत कार्य समाप्त करने के बाद टाउन लाइन, रातू रोड, जिला स्कूल और हटिया लाइन में आंशिक रूप से जलापूर्ति की जाएगी। हालांकि काम पूरा नहीं होने पर जलापूर्ति पूरी तरह से ठप रहेगी।