झारखंड में सोमवार को तेज आंधी और बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया। राजधानी रांची समेत आसपास के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 9 और 10 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 11 और 12 मई को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
IMD ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इस अवधि में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में, राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 52 मिमी साहिबगंज के राजमहल में दर्ज की गई।
राज्य में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री रामगढ़ में रहा। रांची में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में राज्य में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।