झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दीवार के मलबे में दबकर दो बच्चों की मौत हो गई है। जबकि 4 अन्य घायल हुए हैं। मृत बच्चों की पहचान शिवा पान और मुन्ना पान के रूप में हुई है। ये बच्चे घर के आंगन में सोए हुए थे। तभी ये हादसा हो गया।
पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में निर्माणधीन कच्ची दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर दो बच्चों की मौत हो गयी है। वहीं अन्य दो बच्चों सहित एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई है। घटना बुधवार की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
घटना में गांव के लगभग आधा दर्जन बच्चे सभी एक साथ भोजन करने के बाद खेलते-खेलते देवानंद पान के घर के आंगन में सो गए। रात के करीब 9 बजे वहीं पर निर्माणाधीन दीवार अचानक से बच्चों के ऊपर गिरी। इससे नीचे सो रहे बच्चे दब गए। आनन-फानन में देवानंद पान ने चार बच्चों को खिंचकर मलवे से बाहर निकाला। पर दो बच्चे शिवा पान व मुन्ना पान वहीं दब गए।
परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहा पर शिवा पान की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने मुन्ना पान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारडुंगी पहुंचाया। पर वहां के चिकित्सकों ने मरहम-पट्टी कर चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मुन्ना पान की भी चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई।