JMM ने कहा भाजपा को जनसमर्थन नहीं, तो BJP ने JMM को संकल्प यात्रा की ऐतिहासिक सफलता से हताश और निराश बताया
RANCHI : शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प रैली का समापन हुआ। इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। भाजपा ने इस मौके पर जनसभा आयोजित की। हजारों की संख्या में लोगों के जुटने का भाजपा ने दावा किया। भाजपा के इस दावे को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सिरे से खारिज कर दिया। जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को यह हकीकत समझ आ गया होगा कि अब नुक्कड़ सभा करने के अलावा अब किसी भी तरह की सभा करने का जनता का समर्थन उनके पास नहीं है।
जनसभा की खाली कुर्सियां जनसभा की स्थिति बयां कर रही थी : सुप्रीयो भट्टाचार्य
सुप्रीयो भट्टाचार्य ने भाजपा की संकल्प रैली के समापन पर आयोजित सभा पर लोगों की संख्या को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं अक्सर भाजपा से कहता हूं कि जब भी सभा के लिए बाहर से लोग को लाते हो ध्यान रखो कि जिस दिन हाट-बाजार लगता है उस दिन सभा करा दो। कम से कम यह तो लगेगा कि कुछ लोग सुनने गए थे। यह अलग बात है कि वे आलू-प्याज खरीदने गए हों। सुप्रीयो ने कहा कि भाजपा को ऐसा लगता है कि संकल्प रैली के बाद सारा जनादेश उनके साथ हो गया है। जबकि जनसभा की खाली कुर्सियां उनकी स्थिति बयां कर रही थी। पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने वीडियो जारी करते हुए दिखाया कि लोगों की संख्या कितनी रही।
राज्य का ठगबंधन अपने पाप से ही पराजित हो जायेगा : प्रदीप वर्मा
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सुप्रियो भट्टाचार्य को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि झामुमो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की 81 विधानसभा क्षेत्रों में संपन्न ऐतिहासिक संकल्प यात्रा से हताश और निराश है। अपनी खिसकते जनाधार से झामुमो परेशान है। जनता में हेमंत सरकार की लूट,झूठ,भ्रष्टाचार,ध्वस्त विधि व्यवस्था, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न पूरी तरह उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि नाम बदलकर आदिवासियों की जमीन लूटने वाले को परेशान होना स्वाभाविक है। तुष्टिकरण से प्रदेश को अराजकता में झोंकने वाले परेशान होंगे ही।
जल,जंगल जमीन को किसने लूटा यह जनता को पता लग गया है। गरीबों के अनाज किसने लूटे जनता जान चुकी है। किसके राज में बहन बेटियों को टुकड़ों टुकड़ों में काटा गया,पेट्रोल छिड़क कर जलाया गया यह जनता जान चुकी है। उन्होंने कहा कि गो तस्करों ने किसके राजपाठ में दरोगा संध्या टोपनो की कुचलकर हत्या की यह जग जाहिर है। होनहार दरोगा आदिवासी बेटी रूपा तिर्की की संदेहास्पद मौत पर चुप्पी सबको पता है। सिदो कान्हु के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या,चाईबासा में आदिवासियों का वीभत्स नर संहार सबको पता है। ईडी की जांच ने भ्रष्टाचार की कहानी खोलकर रख दी है। लेकिन फिर भी थोथी दलील देना झामुमो ही कर सकता है। झामुमो भ्रष्टाचार का अभ्यस्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने योगेंद्र तिवारी मामले में कई बार कहा है कि राज्य सरकार मुकदमा दर्ज कर जांच कराए और भाजपा के जो दोषी लोग हैं उन्हे उजागर करे,दंडित करे लेकिन झामुमो हिट एंड रन की पॉलिसी से बाहर नहीं निकल रही क्योंकि आरोपों में दम नहीं रहते। केवल सत्ता का दुरुपयोग मीडिया के माध्यम से झामुमो कर रहा। योगेंद्र तिवारी की शराब घोटाले में संलिप्तता हेमंत सरकार की देन है। हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार का एक नमूना है योगेंद्र तिवारी जिस पर पर्दा डालने केलिए सुप्रियो भट्टाचार्य उलूल जुलूल बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई केलिए भाजपा तैयार है। राज्य का ठगबंधन अपने पाप से ही पराजित हो जायेगा।