राजद सुप्रीमो लालू यादव झारखंड के दो दिवसीय यात्रा पर हैं। वहां उन्होंने पहले देवघर में भोलेनाथ के दर्शन किए। उसके बाद बासुकीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। इस बीच जब लालू यादव के सामने जी 20 को लेकर सवाल आया तो उनका भी वही जवाब रहा, जो नीतीश कुमार की कैबिनेट के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी का था। मदन सहनी ने जी 20 को समय की बर्बादी बताया। तो लालू यादव ने उलटा सवाल पूछा है कि इससे देश की जनता को क्या फायदा हुआ।
खर्चा करने से जनता को क्या मिला?
लालू यादव ने जी 20 समिट पर कहा है कि इतने लोगों को बुलाया गया, इतना खर्चा हुआ। इससे देश की जनता को क्या फायदा हुआ? देश की आम जनता को इसे क्या फायदा मिला। यही नहीं लालू यादव ने पूरे समिट को एक ढोंग बताया है।
नीतीश गए थे समिट में
बिहार की सत्ता के एक साझीदार राजद का स्टैंड यही है कि जी 20 में जो खर्च हुआ उससे कोई फायदा नहीं मिला। यही नहीं लालू यादव के बयान के अनुसार राजद ने जी 20 समिट को एक ढोंग बताया है। लेकिन दूसरी ओर बिहार की सत्ता के दूसरे साझीदार जदयू के नेता नीतीश कुमार जी 20 समिट के डिनर में शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन व झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के साथ उनकी वायरल तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है।