लालू यादव कई तरह की मुश्किलों में घिरे हुए हैं। कानूनी बंदिशें तो हैं ही, राजनीतिक स्थिरता सालों से लालू यादव से दूर है। निजी स्वास्थ्य भी ऐसा नहीं कि लालू यादव को पूरी तरह फिट माना जाए। चुनावी राजनीति से बाहर हो जाने के बाद भी प्रासंगिक रहे लालू यादव पर अलग अलग परेशानियां घिरती रहीं हैं। जमानत पर चल रहे लालू यादव को फिर जेल भेजने के लिए सीबीआई अलग प्रयास कर रही है। तो दूसरी ओर सावन के महीने में राहुल गांधी के साथ मीसा भारती के आवास पर मटन पार्टी करने के वीडियो ने लालू यादव को राजनीतिक विरोधियों के निशाने पर ला दिया है। भाजपा इसे जन-भावना को ठेस पहुंचाने वाला वीडियो बता रही है। तो अब लालू यादव के समर्थन में उनकी ‘संकटमोचक’ बेटी सामने आई है।
रोहिणी ने ट्वीट कर भाजपा को घेरा
दरअसल, पिछले दिनों राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें लालू यादव मटन की रेसिपी राहुल गांधी के साथ शेयर कर रहे हैं। साथ ही राहुल गांधी मटन बना भी रहे हैं। इसी वीडियो के बाद बवाल मचा है क्योंकि यह वीडियो सावन महीने में शूट किया गया है। भाजपा नेता सुशील मोदी का कहना है कि लालू यादव ने जन भावना का अपमान किया है। लालू-राबड़ी सावन में मांसाहार करते हैं, उनकी पार्टी के कोटे वाले शिक्षा मंत्री रामचरित मानस की निंदा करते हैं और शिक्षा विभाग रक्षाबंधन, जन्माष्टमी जैसे हिंदू त्योहारों पर स्कूलों की छुट्टी रद्द करता है। क्या राहुल गांधी और लालू प्रसाद में हिम्मत है कि वे किसी दूसरे धर्म के पवित्र महीने में जन-भावना को ठेस पहुंचाने वाला कोई काम करके उसका वीडियो वायरल कर सकें? इसी के बाद अब लालू यादव के समर्थन में उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने मोर्चा संभाला है और ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है।
रोहिणी आचार्य ही लालू यादव की असली संकटमोचक हैं। क्योंकि लालू यादव को किडनी भी रोहिणी ने ही डोनेट की है। अब लालू यादव राजनीतिक हमले झेल रहे हैं तो भी रोहिणी ने करारा जवाब दिया है। रोहिणी ने ट्वीट में लिखा है कि ‘अब ये न’रभक्षी बला’त्कारी पार्टी बतायेंगे कि हमें क्या खाना है और क्या पहनना है। भगवान सदबुद्धि दें बालिकागृह कांड के इस दुराचारी बेंगवा को, जो लालू चालीसा के जाप में नजरअंदाज करता है जनहित के मुद्दे को, इसी दिन के लिए तो तड़ीपार ने इसको बिहार से लतियाककर दिल्ली भेजा था ताकि घर-घर जाकर कुकुर-बिलाई की भांति लोगों के घरों में ताक-झांक कर सकें…. यही असलियत है इन नरभक्षी भाजपा की… मुद्दी विहीन राजनीति करने की जो आदत पड़ गई है….’ रोहिणी ने गोधरा कांड की भी याद दिलायी है और कहा है कि- ‘गोधरा के जो हैं हैवान, वही भ्रष्टाचारियों के बने हैं भगवान’।