RANCHI: बिहार के सीएम नीतीश कुमार 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने में जुटे हैं। इस दौरान बुधवार को नीतीश कुमार रांची पहुंचे। साथ में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी थे। दोनों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। तीनो के बीच बीजेपी के खिलाफ बाकी दलों को एकजुट करने पर चर्चा देर तक हुई। नितीश ने कहा हमसभी एकजुट है और साथ चलेंगे। देशभर में विपक्ष के अधिकांश लोग साथ हो जाए यही प्रयास जारी है। लोकसभा चुनाव का परिणाम देखिएगा, देश का इतिहास बदलेगा। देश में एकतरफा काम हो रहा है। केवल अपनी कही जा रही है, विपक्ष की नहीं सुन रहे है। बुधवार को सीएम हाउस में बात करते हुए पत्रकारों से उन्होंने कहा कि देश में किसी समाज के साथ आपसी विवाद नहीं करना है। हम सभी को एक होकर झारखंड और बिहार का विकास करना है।
झारखंड में यूपीए की सरकार
सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में यूपीए की सरकार चल रही है। इस गठबंधन में कांग्रेस और राजद शामिल है। इसलिए राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि बीजेपी के खिलाफ सीएम हेमंत सोरेन एक बड़ी भूमिका निभा सकते है। जिस तरह से जदयू और उसके कार्यकर्ता बार बार नीतीश कुमार को विपक्ष का फेस साबित कर रहे हैं उसे हेमंत मानेंगे या नहीं इस पर बात साफ नहीं है।
विपक्ष की भूमिका में हमसब
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में बात हुई है। केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष की भूमिका में हमसभी है। सामान विचारधारा वाले लोगों को एकजुट करने की कोशिश जारी है। इसी क्रम में नीतीश जी और तेजस्वी जी यहां आये है। रायशुमारी चल रही है। राज्य की क्षेत्रीय अस्मिता और देश की एकता कैसे बची रहे इसपर बातें चल रही है। इससे पहले उन्हें रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जेडीयू कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। वहीं उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। तीनो नेताओं के बीच बातचीत के बाद नितीश कुमार और तेजस्वी यादव पटना के लिए रवाना हो गए।