DHANBAD: भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी गुरुवार को धनबाद पहुंचे। जहां धनबाद विधायक राज सिन्हा, चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी, सांसद पशुपतिनाथ सिंह समेत तमाम भाजपाइयों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इसके अलावा लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपने भाग्य आजमाने के लिए बेताब कई चेहरे भी वहां नजर आएं। लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि विपक्षी एकता की कोशिश नाकाम होगी। पीएम मोदी के खिलाफ कोई भी पक्ष विपक्षी एकता नहीं बन सकती समय से पहले यह टूट जाएगी।
मुंगेरी लाल के सपने पूरे नहीं होंगे
साथ ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं और केंद्रीय एजेंसियों पर दोष मढ़ने का काम कर रहे हैं। एक भी ऐसा केस नहीं है जिसमें सीबीआई अथवा ईडी ने कोर्ट में चार्जशीट अथवा केस दायर नहीं किया हो। कोर्ट ने किसी भी केस को सुनवाई से इनकार किया है। मुंगेरीलाल के हसीन सपने कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने अपने आने का प्रयोजन बताते हुए कहा कि भाजपा व्यवसाई वर्ग से मंत्रणा करने व मार्गदर्शन लेने के लिए आज एक कार्यक्रम आयोजित है।
सभी 14 सीट बीजेपी के खाते में
लोकसभा चुनाव की भविष्यवाणी करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी 14 सीट भाजपा के खाते में जाएगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। भाजपा हर अगले दिन को चुनाव का दिन मानती है और उसी के हिसाब से अपनी तैयारी करती है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी सालों भर बनी रहती है। पीएम नरेंद्र मोदी के 9 साल के शानदार कार्यकाल को जनता के बीच रखने का कार्य पूरे देश में चल रहा है। जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। चुनाव आने पर वह एक बार फिर से भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।