RANCHI : राजधानी में एक बार फिर से ब्लैक फंगस के मरीज मिले हैं। इस बात की जानकारी रांची के मैक्सीलोफैसियल सर्जन अनुज ने दी है। उन्होंने बताया कि 10 दिनों में रांची, जमशेदपुर और बोकारो के करीब 5 मरीज पहुंचे हैं। इनमें से एक मरीज बेहतर इलाज के लिए दिल्ली गया है। फिलहाल लोगों को यहीं सलाह है कि इस तरह के कोई भी लक्षण दिखे तो तत्काल डॉक्टर से कंसल्ट करें। जिससे कि समय रहते इलाज शुरू किया जा सकेगा।
जबड़े में दर्द व दांत हिलने की शिकायत
उन्होंने बताया कि एक चीज जो सभी मरीजों में सामान्य देखने को मिली कि सभी के जबड़े में दर्द और दांत के हिलने की शिकायत थी जो पिछली बार से अलग है। इन सभी मरीजों में कोविड का कोई पुराना केस भी नहीं मिला है। इन पांचों मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि जो मामले आ रहे हैं, उसमें मरीज को शुरुआत में कोई खास परेशानी नहीं होती है। लेकिन दांत व जबड़े में अचानक दर्द की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि शुगर के मरीजों को खास तौर पर सतर्क रहने की जरूरत है, अगर हाई ब्लड शुगर लगातार है। तो इसे ठीक करने की जरूरत है।
कोविड में कई लोग आए थे चपेट में
कोरोना के दूसरे लहर के बाद बड़ी संख्या में लोग ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। कई मरीजों की जान भी चली गई थी। डॉक्टरों के अनुसार ब्लैक फंगस का मृत्यु दर 50 फीसदी से अधिक है। इसलिए लोगों को थोड़ा भी लक्षण दिखे तो सतर्क हो जाना चाहिए। बता दें कि कोविड के दूसरे लहर के बाद 50 से अधिक संख्या में मरीज सिर्फ रिम्स में भर्ती हुए थे। एक मरीज को करीब 80 हजार से लेकर एक लाख तक रुपए तक के सिर्फ इंजेक्शन लगाए गए थे।