RANCHI: झारखंड गर्मी और लू की चपेट में है। सुबह 8 बजे के बाद से ही सूरज अपना असर दिखा रहा है। जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो 20 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाये रहेंगे। लेकिन दिन भर तापमान में कोई असर नहीं पड़ेगा। राज्य के दक्षिणी, उत्तर पश्चिमी इलाकों में शाम के वक्त बादल छाये रहेंगे। वहीं 21 अप्रैल से बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
थंडरिंग के साथ चलेगी तेज हवाएं
विभाग ने बताया है कि 21 अप्रैल को राज्य के कुछ इलाकों में हल्के दर्जे की बारिश होगी। जबकि 22 अप्रैल से बारिश के साथ थंडरिंग की संभावना है। 23 अप्रैल तक बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है। 22 और 23 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होगी। इस दौरान थंडरिंग के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। तापमान की बात करें तो राज्य में फिलहाल सबसे अधिक तापमान गोड्डा जिला का है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, देवघर और पाकुड़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन में बाहर जाने से बचे
विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए चेतावनी जारी की है। बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजनों को अलर्ट रहने को कहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की मानें तो गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक बाहर न निकलें तो स्वास्थ्य के लिए बेहतर होगा। हीट स्ट्रोक से बचने के लिये घरेलू उपाय करने का निर्देश जारी किया गया है। विभाग की मानें तो राज्य में गर्मी का असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। इसलिए कोशिश करें कि सुबह और शाम में ही अपने काम निपटा लें। जरूरी ना हो तो दिन में बाहर निकलने से बचे।