बिहार में भाजपा ने बड़ा यादव दांव चल दिया है। आज यानि गोवर्धन पूजा के दिन राजधानी पटना में भाजपा की तरफ से एक बड़ा मिलन समारोह रखा गया था। जिसमें भारी संख्या में यादव समाज के लोग भाजपा में शामिल हुए। मिली जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम के सूत्रधार केन्द्रीय मंत्री नित्यानंद राय हैं। भाजपा ने दावा किया है कि बापू सभागार में हुए एस कार्यक्रम में एक साथ 21 हजार यादव समाज के लोगों ने भाजपा ज्वाइन किया है। कार्यक्रम में गोवर्धन पर्वत उठाए भगवान कृष्ण की मूर्ति भी लगी हुई थी।
“बिहार सरकार को उखाड़ फेकेंगे“
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि आज 21 हजार यादव समाज के लोग भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। मैं उन सभी लोगों का स्वागत करता हूँ। जिस तरह बिहार सरकार महिलाओं के चीर हरण करने का काम कर रही है उसको यादव समाज के लोग उखाड़ के फेंक देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे सहयोगी नित्यानंद राय जी ने कहा कि वो कृष्ण के वंशज है और मैं भगवान राम का वंशज हूँ। हम दोनों भाई मिलकर कंस और रावण रुपी बिहार सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
“नीतीश ने बिहारियों को बनाया शराबी”
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को शराबी बना दिया। जिस प्रदेश में 14 प्रतिशत से अधिक आबादी यदुवंशी समाज के लोगों की है वहां दूध की नदियाँ बहनी चाहिए थी। लेकिन नीतीश कुमार ने बिहार में शराब की नदी बहाने का काम किया है। पहले लोग दुकान पर जाकर शराब लेते थे लेकिन नीतीश कुमार के राज में एक फोन घुमाने पर शराब की होम डिलीवरी हो जाती है।
“मथुरा में भगवान कृष्ण की पूर्ण स्थापना होनी चाहिए”
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि संकट के समय में भगवान कृष्ण ने लोगों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। इससे उन्होंने असत्य पर सत्य की जीत का संकेत दिया था। भाजपा का सपष्ट मानना है कि जिस तरह महादेव के लिए काशी में मंदिर स्थापित किया गया, अयोध्या में भगवान राम को स्थापित किया गया उसी तरह मथुरा में भी भगवान कृष्ण की पूर्ण स्थापना की होनी चाहिए।