[Team Insider] रांची पुलिस ने सोमवार को अवैध नशीले पदार्थ गांजा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लगभग 200 किलो अवैध गांजा बरामद किया है और इसकी तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी ने दी जानकारी
राजधानी रांची की ओरमांझी थाने में ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची रिंग रोड से ओरमांझी होते हुए एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी बिहार की तरफ जा रही है। जिसमे अवैध गांजा की तस्करी की जा रही है।इस सूचना पर सिल्ली डीएसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और फिर वाहन चेकिंग अभियान शुरू की गई।
200 किलो गांजा बरामद
वाहन चेकिंग के दौरान ओरमांझी बाजार के पास बोलेरो गाड़ी सवार 3 लोग पुलिस की चेकिंग को देखकर गाड़ी खड़ा कर भागने लगे। लेकिन पुलिस बल ने उनमें से एक को खदेड़ कर पकड़ लिया। जबकि दो लोग पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। पकड़ा गया आरोपी इंद्रजीत राय रांची के विद्यानगर का रहने वाला है।वंही बोलेरो गाड़ी की चेकिंग में 200 किलो गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है।