RAMGARH : रांची-पटना के लिए मंगलवार को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रांची से रवाना किया। इसके साथ ही रांची-पटना वाया हजारीबाग रूट पर हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का कॉमर्शियल परिचालन शुरू हो गया। रांची से चली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 12:30 बजे बरकाकाना जंक्शन पहुंची। जहां ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य, रेल अधिकारी, आरपीएफ जवान सहित कई स्कूलों के बच्चे और शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ढोल-नगाड़े के साथ ट्रेन का स्वागत किया गया। रांची से पहुंचे लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्लेटफार्म पर रेल कर्मी के साथ वहां के स्थानीय लोग भी काफी देर तक बैंड बाजे की धुन पर झूमते रहे। इस दौरान रेलवे की ओर से सभी के बीच मिठाई भी बांटी गई।
सांसद-विधायक ने दिखाई झंडी
हरी झंडी दिखा कर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी, सांसद प्रतिनिधि कुंटू बाबू ने किया। वंदे भारत ट्रेन पर सवार होकर रांची से बरकाकाना पहुंचे सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी और सांसद प्रतिनिधि कुंटू बाबू सहित समेत अन्य ने 12:43 बजे ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और आजसू कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इससे पहले ट्रेन के आगमन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। विधिवत नारियल फोड़कर धूपबत्ती दिखाई गई।