मंत्री चंपई सोरेन के खासमखास राजनगर विधायक प्रतिनिधि धर्मा मुर्मू की गुरुवार दुर्घटना में मौत हो गई है। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गया। देखते ही देखते पूरा राजनगर झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं से पट गया। आक्रोशित लोगों ने मुआवजा, आश्रित को नौकरी और हाइवा चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। घटना के बाद मायूस दुकानदारों ने स्वतः ही राजनगर बाजार को बंद कर दिया।
त्रिपक्षीय वार्ता पर परिजन शव लेने पर हुए राजी
मामले की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीओ, राजनगर बीडीओ, सीओ, मंत्री चम्पई सोरेन के पुत्र, प्रखंड प्रमुख, राजनगर एवं सरायकेला थान प्रभारियों ने मोर्चा संभालते हुए आक्रोशित भीड़ को पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए त्रिपक्षीय वार्ता पर राजी किया। करीब चार घंटे तक चले वार्ता के बाद मृत प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष की विधवा को पेंशन, बच्चों के पढ़ाई का पूरा खर्च, सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा, वाहन के इंश्योरेंस का पैसा दिलाने पर सहमति बनी, जिसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ और परिजन शव लेने पर राजी हुए।
इसे भी पढ़ें: Saraikela: शिक्षक का अमानवीय चेहरा आया सामने, कैंसर पीड़ित शिक्षिका से की बदसलूकी, मानसिक संतुलन बिगड़ा
खबर से क्षेत्र में शोक की लहर
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। सभी ने मृतक झामुमो नेता के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। धर्मा मुर्मू मंत्री चंपई सोरेन के बेहद करीबी थे। वे राजनगर प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि सह बीस सूत्री अध्यक्ष थे। गुरुवार की सुबह राजनगर ब्लॉक चौक में सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। धर्मा मुर्मू बाइक से राजनगर से अपने घर की ओर आ रहे थे। तभी टाटा से चाईबासा की ओर जा रही हाइवा की चपेट में आ गए जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। विधायक प्रतिनिधि धर्मा की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ उठी।