सम्मलेन में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय
RAMGARH : कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। जब तक हम हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा उचित सम्मान मिलेगा, मैं आपके साथ हूं। वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पार्टी हित में अच्छी नहीं है, मैं कल ही रामगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के मनोभावों को ध्यान में रखकर प्रदेश अध्यक्ष से बात करूंगा। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने सोमवार को क्षेत्र के एक निजी होटल में वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय सम्मेलन में कही। सुबोधकांत सहाय उक्त होटल में आयोजित वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव में हमारी पार्टी को मिस मैनेजमेंट के कारण पराजय मिली। हमारी पार्टी एक्सपेरिमेंट न करे, तो रामगढ़ सीट पार्टी का परमानेंट सीट रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव गांव-टोले के संगठन के आधार पर लड़ा जाता है और लड़ाई के लिए वरिष्ठ कांग्रेसी रूपी औजार चाहिए।
उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि सुबोध हमेशा आपके साथ है और रहेगा। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा का धर्म नकली है। रांची ही नहीं जहां भी धर्म के सम्मान की बात आती है, सुबोधकांत सहाय सर झुका कर उस धर्म का सम्मान करता है। इसके पूर्व विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ कांग्रेसियों ने अपने-अपने संबोधन में कहा कि पार्टी हम वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को यूज एंड थ्रो की तरह उपयोग में लेती है। संगठन और सदस्यता की जब बात आती है हमारी खोज की जाती है और जब संगठन बनाने की बात आती है तो दूध की मक्खी की तरह अलग कर दिया जाता है। जब हम वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पार्टी से सहयोग की उम्मीद रहती है तो हमारी परेशानी को सुनने वाला कोई नहीं होता है। इससे दिल को बड़ी ठेस पहुंचती है। आज इस सम्मेलन के माध्यम से अपने दिल की बात को सुबोध कांत सहाय से कहने के लिए आए हैं। आज कांग्रेसी की टांग कांग्रेसी खींच रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खोगेंद्र साहू, संचालन केडी मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन ब्रजकिशोर गांधी ने किया। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण कुमार सिन्हा, कमाल शहजादा, पार्टी के सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर नंदकिशोर बेदिया, भीम साहू, चमन लाल, मोहम्मद गुलजार, रविंद्र साहू, गुड्डू वर्मा, रामेश्वर महतो, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, मंजू जोशी, राजकुमार पासवान, जीएस राय, राजेंद्र चौधरी, भैरो ठाकुर, राजू वर्मा, राम मुंडा, समसुद खान, सहित काफी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।