कड़ी मेहनत और सही दिशा सफलता की गारंटी होती है। इसी से बिहार की सुहानी जैन ने वो कीर्तिमान स्थापित किया है, जो लाखों लोगों के लिए ख्वाब भर है। सुहानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के एंट्रेस एग्जाम में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। सुहानी जैन ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के एंट्रेंस एग्जाम में 800 में से 800 अंक लाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सुहानी के पिता संजय कुमार जैन (तेलंगाना) कैडर में सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में तेलंगाना के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर हैं। सुहानी की इस सफलता के बाद तेलंगाना के डीजीपी अंजनी सिंह ने सुहानी को सम्मानित किया है।
सिविल सेवा है सुहानी की मंजिल
सुहानी का कहना है कि वह अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए सिविल सेवा में जाना चाहती है। पहले उसे कॉमर्स ग्रेजुएट होना है और उसके बाद उसका लक्ष्य सिविल सेवा है। सुहानी को उम्मीद है कि अपनी कड़ी मेहनत के बल पर वह आगे भी ऐसी सफलताएं हासिल कर अपने और परिवार के सपने को साकार करेगी।