आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री मंत्री तेज प्रताप यादव रविवार को छपरा में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। जहां उन्होंने पहले भरत मिलन चौक पर धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ के कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही भरत मिलाप समारोह में भी तेजप्रताप शामिल होंगे। जहां उन्होंने मीडिया से भी बात की।मीडिया से बात करते हुए प्रताप यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य 2024 और 2025 के चुनाव में अपने झंडे को बुलंद करना है। जिसके लिए हम लगातार कार्य कर रहे हैं। वहीं तेजप्रताप से छपरा से चुनाव लड़ने को लेकर जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं अभी मंत्री हूं। समय आने पर जरूर फाइट किया जाएगा। पब्लिक डिमांड हो तो अच्छे-अच्छे नेता उभर जाते हैं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तेज प्रताप यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। इस दौरान तेज प्रताप यादव कृष्ण के रूप में भी दिखे। उन्होंने बांसुरी बजाकर लोगों का मनोरंजन किया।
बता दें कि 2014 में राबड़ी देवी की सारण लोकसभा सीट से करारी हार हुई थी। 2019 में चंद्रिका राय को भी इस सीट से हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त इस सीट से राजीव प्रताप रूडी की जीत हुई थी। सारण लोकसभा सीट लालू प्रसाद यादव की कर्मभूमि रही है। यहां से कई बार लालू प्रसाद यादव सांसद रहे हैं। छपरा और उसके आस-पास का क्षेत्र लालू प्रसाद यादव का गढ़ माना जाता है। लालू यादव की सियासी पारी की शुरुआत सारण से हुई थी। लालू प्रसाद यादव जेल जाने के बाद लगातार हार का सामना कर रहे हैं।