RANCHI: पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवा के कारण झारखंड की धरती तप रही है। कुछ दिनों पहले हुई वर्षा के बाद मौसम बदल गया था और राज्य के सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से घटकर 30 से 35 डिग्री पहुंच गया था। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से एक बार फिर गर्मी उफान पर है। राज्य के आठ जिलों का तापमान 40 के पार पहुंच चुका है । गोड्डा जिले का तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उत्तर पूर्वी इलाकों में यानी गिरिडीह , जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले के लिए मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
राजधानी में भी गर्मी लोगों को रुला रही हैं। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। देर शाम सतही हवा चलने से तापमान कम हो जाता है, जबकि दोपहर तेज धूप के कारण तापमान 38 के पार पहुंच जाता है । मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान मध्य जून तक यदि मानसून का प्रवेश नहीं होता है तो बेशक यहां का तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे पूर्व यह स्थिति वर्ष 2018 में हुई थी। जब यहां का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था। अबकी बार भी यदि ऐसा होता है तो 10 वर्षों का रिकॉर्ड टूट जाएगा। वही मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और गर्म हवाओं के चलने से तापमान में वृद्धि होगी।
झारखंड में मानसून देरी से पहुंचेगा
राज्य में मानसून के प्रवेश के बाद ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। झारखंड में 4 से 5 दिनों की देरी से मानसून प्रवेश करेगा । दक्षिणी राज्य केरल में मानसून के आने में देरी हो रही है जिस कारण झारखंड में मानसून देरी से पहुंचेगा। बताया गया कि 18 से 20 जून तक राज्य में मानसून प्रवेश करेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों में हीटवेव का असर देखने को मिला है। सबसे अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री गोड्डा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 25. 8 डिग्री रांची का रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी में सोमवार की शाम आंशिक बादल के कारण थोड़ी राहत मिली थी।
जिलों का तापमान
जमशेदपुर 41.4, डालटेनगंज मैं 41.8 डिग्री, देवघर 42.5, गढ़वा 40. 7, गिरिडीह 40.2, पाकुड़ 41.7, साहिबगंज 40.3,रांची 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।