बिहार के छपरा में एक अजीबोगरीब शादी हुई। यहां एक शादी में अजीब ड्रामा देखने को मिला। यहां बारात सजी बड़ी बहन के लिए, लेकिन दुल्हन बन छोटी बहन लौटी। शादी समारोह के दौरान दुल्हन की छोटी बहन छत पर चढ़कर दूल्हे को फोन करती है और कहती है कि “छत से कूद के दे देहब जान, ना त कर ल हमरे से बिआह ” ना त हमार मौत के जिम्मेदारी तोहरे होई। जिसके बाद दूल्हा ने दुल्हन से शादी करने से इनकार कर दिया। मामला जिले के मांझी थाना क्षेत्र के भभौली गांव का है। छपरा शहर के बिनटोली निवासी जगमोहन महतो के पुत्र राजेश कुमार की बारात पहुंची थी।
बड़ी बहन को पहनाया वरमाला, छोटी से शादी
मंगलवार की शाम मुबारकपुर में बारात समय पर गांव पहुंची। जहां सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में वरमाला भी हो गई। लेकिन कुछ ही देर बाद छोटी बहन ने हंगामा शुरू कर दिया। दुल्हन की छोटी बहन पुतुल कुमारी चुपके से छत पर चढ़ गई और छत से दूल्हे को मोबाइल से फोन कर धमकी दी कि अगर तुमने मेरे साथ शादी नहीं की तो मैं छत से कूदकर अपनी जान दे दूंगी। इसके बाद दूल्हा ने दुल्हन से शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद घराती व बाराती आपस में भिड़ गए। हाथापाई के साथ मारपीट भी शुरू हो गई। जानकारी मिलने के बाद मांझी थाना पुलिस भारी संख्या में जवानों के साथ मौके पर पहुंच गई।
छोटी बहन से करा दी शादी
घटना के बाद काफी देर पंचायती हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के लोगों के साथ दुल्हन ने भी अपनी छोटी बहन के साथ दूल्हे को शादी कर लेने की हामी भर दी। इसके बाद विवाह की रस्म अदायगी के लिए पुरोहित की खोजबीन शुरू हुई तब पता चला कि मारपीट के बाद से दोनों पक्ष के पुरोहित फरार हो गए थे। लोगों की सलाह पर ब्राम्हण मुखियापति ने मंत्रोच्चार के साथ सिंदूर दान की रस्म अदायगी कर दी और दुल्हन की छोटी बहन से दूल्हे की शादी करा दी गई और बारात वापस लौटी।