JAMSHEDPUR: जमशेदपुर के जुबली पार्क के जयंती सरोवर में हजारों की संख्या में मछलियों की मौत हो गई। कई क्विंटल बड़ी मछलियां मर कर पानी के ऊपर आ गई। मॉर्निंग वॉक करने आए लोग मछलियों की मौत देख परेशान हो गये। शहर में बढ़ती गर्मी और पानी में ऑक्सीजन की कमी के चलते लाखों रुपए की मछलियां मर गई।
मेडिकल टीम द्वारा की जा रही जांच
सूचना मिलते ही पार्क के कर्मचारियों द्वारा जयंती सरोवर से मछलियों को निकालने का काम शुरू किया गया। जयंती सरोवर में टाटा स्टील और निजी संस्था द्वारा मछली पालन किया जाता है। जिसमें हर साल मछली पकड़ो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है। जिसमें 30 किलो तक की मछलियां इसमें पकड़ी जाती है। एक तरफ शहर में गर्मी का कहर ढा रहा है,वहीं दूसरी तरफ पूरे जयंती सरोवर में जलकुंभी और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई क्विंटल मछलियों की मौत हो रही है। हालांकि सूचना मिलते ही मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की जा रही है।