आधुनिक सुविधाओं से लैस और बेहद ही तेज रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात जल्द ही बिहार के लोगों को मिलने वाली है। बिहार और झारखंड के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का पटना-रांची रूट पर ट्रायल गुरुवार यानी आज होने की संभावना है। ट्रेन ट्रायल के दौरान पटना से रांची के बीच दौड़ लगाएगी। 8 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का रैक पटना पहुंच चुका है। जानकारी के अनुसार इस ट्रेन को इसी महीने शुरू किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 10 जून के बाद कभी भी पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया जा सकता है।
पटना रांची के बीच इस रूट पर दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
वंदे भारत एक्सप्रेस पटना-रांची-पटना के बीच सिर्फ पांच स्टेशनों पर ही रुकेगी। वंदे भारत ट्रेन पटना से होकर गया, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना, बीआईटी मेसरा और टाटीसिलवे से होकर रांची जाएगी। इस रूट के जरिए ट्रेन 378 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दूरी को यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन 6 से 7 घंटे में कवर कर लेगी। ध्यान देने वाली बात ये हैं कि अब तक देश में 18 वंदे भारत ट्रेन चल रही है। पहली वंदे भारत का उद्घाटन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच फरवरी, 2019 को किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है वंदे भारत
पटना-रांची के बीच 8 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी। पूर्व में जिन रूटों पर वंदे भारत चल रही हैं, उनमें अधिकतर ट्रेनें 16 कोच वाली हैं। पटना-रांची रूट पर यात्रीभार उनके मुकाबले कम होने के चलते यहां 8 डिब्बों वाली ट्रेन चलाने का ही फैसला लिया गया है। इस ट्रेन में कुल 530 यात्रियों के बैठने की जगह है। इस नई वंदे भारत में 5 सामान्य, एक लग्जरी और दो ड्राइवर कोच हैं। ट्रेन अधिकतम 128 से 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड दौड़ेगी। इस हाईटेक ट्रेन को पूरी तरह से फायरप्रूफ और पूरी सेफ्टी फीचर्स से लैस किया गया है।