RANCHI: झारखंड में विभिन्न स्थानों पर पिछले 24 घंटों के दौरान मानसून झूमकर बरसा। अधिकतर जिलों में मध्यम से हल्की दर्जे की बारिश हुई। खासकर झारखंड के दक्षिणी हिस्से में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। उड़ीसा से सटे होने के कारण सिमडेगा में सर्वाधिक 122.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में 14 मिमी बारिश हुई।
24 घंटों के दौरान भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक धनबाद, जामताड़ा दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद मानसून की सक्रियता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और बंगाल -उड़ीसा के तटवर्ती क्षेत्र में बना साइक्लोनिक सरकुलेशन झारखंड के दक्षिणी क्षेत्र से होते हुए छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इससे मानसून सक्रिय है लेकिन अब इसकी सक्रियता में थोड़ी कमी आ सकती है।
मानसून होने से राज्य में अब ठंड का एहसास हो रहा है। अधिकतम तापमान में 12 डिग्री तक की कमी आई है। पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 26. 8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। रांची का अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।