SARAIKELA : सरायकेला-खरसावां जिला के कुचाई थाना अंतर्गत सीआरपीएफ कैंप के समीप बीती रात अपराधियों ने एक महिला होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। आनन- फानन में रात करीब 9:30 बजे महिला होमगार्ड जवान को कुचाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान 35 वर्षीय नम्रता सामड के रूप में की गई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही शनिवार अहले सुबह भाजपा जिला अध्यक्ष विजय महतो, जिला परिषद जिग्गी हेंब्रम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
घर पर चलाती थी पार्लर
बताया जा रहा है कि महिला होमगार्ड जवान अपना भरण-पोषण करने के लिए अपने घर पर ही ब्यूटी पार्लर, सिलाई- कढ़ाई सेंटर और स्टेशनरी की दुकान चलाती थी। महिला जवान की छोटी बहन के अनुसार उसकी बहन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह बेहद ही मिलनसार और जुझारू महिला थी। घटना के संबंध में मृत जवान की बहन मनीषा सामड ने बताया कि बीती रात गांव में पार्टी चल रही था, जिस वजह से गोली चलने की आवाज नहीं सुनाई दी। रात में घर पहुंचने पर देखा कि उसकी बहन लहूलुहान है। आनन-फानन में कुचाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है। प्रथम द्रष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उधर कुचाई पुलिस ने महिला होमगार्ड जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।