बिहार में हवाई सेवाओं, एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। पटना एयरपोर्ट के अत्याधुनिक टर्मिनल से लेकर पूर्णिया, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के विस्तार तक कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम जारी है। इसके अलावा सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की योजना भी आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, राज्य में हेली-टूरिज्म, उड़ान प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने की भी तैयारी है।
एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की बात करें तो राजधानी पटना में 1,216 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन हो चुका है। वहीं, गया एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जबकि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

