Lakhisarai Road Accident: बिहार के लखीसराय जिले में एक बड़े सड़क हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यह दुर्घटना तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास हुई, जहां एक ट्रक और स्कॉर्पियो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे झारखंड की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के समीप उनकी गाड़ी अचानक एक ट्रक के सामने आ गई और दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई।
लखीसराय की इस घटना से पहले 22 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में भी ऐसा ही सड़क हादसा सामने आया था। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब चार बजे एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 3 से 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में कुल 8 लोग सवार थे। ये सभी लोग बख्तियारपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, जिसकी बारात बाढ़ के सिकंदरा क्षेत्र से गई थी। मृतकों में दूल्हे की चचेरी बहन, एक बच्ची, स्कॉर्पियो चालक और एक बाराती शामिल थे। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू की, जबकि गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था।
