बिहार के 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

Pawan Prakash
0

 

बिहार के कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम हो गई है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Bihar Weather Update: नवंबर के आखिरी हफ्ते में बिहार का मौसम तेजी से करवट ले रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ गया है, जबकि दिन में निकलने वाली धूप लोगों को हल्की राहत दे रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 19 जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अलर्ट वाले जिलों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। राजधानी पटना भी इन प्रभावित जिलों की सूची में शामिल है। हालांकि, राज्य के बाकी जिलों के लिए फिलहाल किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला। समस्तीपुर और बेगूसराय में कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहा, जहां दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 100 मीटर से भी नीचे आ गई। इसके कारण सुबह के समय सड़क यातायात और रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी चंपारण से लेकर दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों तक कोहरे का असर रह सकता है। येलो अलर्ट जारी कर विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के प्रति सावधान रहने का संकेत दिया है। सुबह कम विजिबिलिटी के कारण खासकर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चलाने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

आने वाले 48 घंटों के दौरान बिहार के तापमान में दोहरा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। इसका सीधा असर यह होगा कि दोपहर में धूप की वजह से हल्की गर्माहट महसूस होगी, जबकि सुबह और रात की ठंड और बढ़ जाएगी।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में इस बदलाव के पीछे मुख्य रूप से साफ आसमान और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर है। आसमान में बादल न होने के कारण दिन में सूरज की किरणें सीधे जमीन तक पहुंचती हैं, जिससे अधिकतम तापमान ऊपर जाता है। वहीं, रात के समय धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है और न्यूनतम तापमान नीचे गिर जाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाएं भी सुबह-शाम की कनकनी बढ़ा रही हैं। हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव के आधार पर आने वाले दिनों में राज्य में ठंड का प्रकोप और तेज हो सकता है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top