Bihar Udyami Sangh: बिहार के छोटे कारोबारियों को कर्ज मिलने की प्रक्रिया में बदलाव की मांग के साथ बिहार उद्यमी संघ ने कोलकाता में आयोजित भारतीय रिजर्व बैंक की 31वीं स्टैंडिंग एडवाइजरी कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। यह बैठक 27 नवंबर 2026 को हुई। इसमें एमएसएमई क्षेत्र में कर्ज प्रवाह और नीतिगत मुद्दों पर बात हुई। बैठक में बिहार उद्यमी संघ के महासचिव अभिषेक कुमार और कोषाध्यक्ष पंकज कुमार शामिल हुए।
इस दौरान आरबीआई के डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जानकीरमन से भी चर्चा हुई। बातचीत में बिहार की एमएसएमई नीतियों और छोटे उद्यमों की जमीनी दिक्कतों पर ध्यान दिया गया। औपचारिक बैंकिंग से छोटे कारोबारियों को जोड़ने के तरीकों पर भी विचार रखे गए।
बैठक में आरबीआई अधिकारियों के साथ बैंकों, सिडबी, नाबार्ड, सीजीटीएमएसई और एनसीजीटीसी के प्रतिनिधि मौजूद थे। केंद्र सरकार के मंत्रालयों और उद्योग संगठनों के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। सभी ने कर्ज उपलब्धता और वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर बात की।
कोषाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि कामयाबी सिर्फ कर्ज देने से नहीं मिलती। उद्यमियों को कर्ज लेने से पहले, कर्ज मिलने के दौरान और कर्ज मिलने के बाद भी मदद चाहिए। छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के कई कारोबारियों को जानकारी और कागजी प्रक्रिया की कमी से जूझना पड़ता है। उन्होंने कर्ज से पहले तैयारी, बैंक से जोड़ने की प्रक्रिया और कर्ज के बाद कारोबार संभालने में मदद की जरूरत बताई। महिला उद्यमियों और पहली बार कर्ज लेने वालों के क्रेडिट रिकॉर्ड और योजनाओं के जमीनी अमल पर भी बात रखी गई।
बैठक के एजेंडे में नए कर्जदार, क्रेडिट गारंटी, डिजिटल व कैश फ्लो आधारित कर्ज, ट्रेड्स प्लेटफॉर्म और बीमार इकाइयों के पुनरुद्धार जैसे विषय शामिल थे। पीएमईजीपी और पीएमएफएमई योजनाओं के अमल पर भी चर्चा हुई। सब्सिडी दावों और बैंक स्तर पर अटकने वाली प्रक्रियाओं का मुद्दा भी उठा।
बिहार उद्यमी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर बिहार के छोटे कारोबारियों की बात रखना अहम कदम है। संघ के अनुसार जिला और ग्रामीण स्तर के उद्यमियों में रोजगार बनाने की क्षमता है। सही समय पर जानकारी, कर्ज और मार्गदर्शन मिलने से वे आगे बढ़ सकते हैं। संघ ने आरबीआई और अन्य संस्थाओं का आभार जताया और आगे भी समन्वय बनाए रखने की बात कही।


