Bihar Law and Order : बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासनिक अमले को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य सरकार अपराध, भ्रष्टाचार और काम में ढिलाई को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। अधिकारियों को अपनी जवाबदेही तय करते हुए जनता से जुड़े कामों को समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के 'संवाद' सभागार में आयोजित दो दिवसीय समीक्षा बैठक के पहले दिन की अध्यक्षता की। इस सम्मेलन में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी (DM), वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) शामिल हुए। बैठक में गृह, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन और शिक्षा समेत कई प्रमुख विभागों के कामकाज की गहन समीक्षा की गई।
जनता से सीधा संवाद और फीडबैक पर जोर
सम्राट चौधरी ने निर्देश दिया कि गरीब और कमजोर तबके के लोगों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से जनता दरबार लगाएं और आम लोगों से सीधा संवाद करें। निचले स्तर पर तैनात कर्मचारियों के कामकाज पर लगातार नजर रखी जाए और आम नागरिकों से फीडबैक लेकर व्यवस्था में सुधार किया जाए।
जीपीएस से होगी पुलिस की रात्रि गश्ती की निगरानी
पुलिस व्यवस्था को चुस्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने आदेश दिया कि रात में होने वाली पुलिस गश्ती की निगरानी जीपीएस (GPS) के जरिए की जाए। फरार चल रहे अपराधियों की ट्रैकिंग कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का जिम्मा आईजी (IG) और डीआईजी (DIG) स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है। इसके अलावा पुलिस बल की तैनाती की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और हथियारों के नियमित सत्यापन के भी निर्देश दिए गए हैं।
हर हफ्ते सुलझाए जाएंगे जमीन से जुड़े विवाद
राज्य में कानून-व्यवस्था की बड़ी वजह बनने वाले भूमि विवादों को लेकर भी बैठक में अहम फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सप्ताह में एक बार अनिवार्य रूप से बैठक कर जमीन के झगड़ों का निपटारा करें। साथ ही, डीसीएलआर (DCLR) और एडीएम (ADM) कोर्ट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर आने वाली जनशिकायतों पर भी तुरंत एक्शन लेने का आदेश दिया गया है।
महीने में दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे डीएम-एसपी
प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को कहा गया है, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुंच सके। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलों में उद्योग और रोजगार बढ़ाने के लिए 'लैंड बैंक' तैयार करने और स्थानीय उद्यमियों से बात करने का सुझाव दिया। कृषि क्षेत्र में खाद-बीज की उपलब्धता के साथ नकदी फसलों और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
मानसून से पहले पूरे हों नदी लिंक प्रोजेक्ट
सड़क सुरक्षा और बाढ़ नियंत्रण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने लक्ष्य तय किए हैं। उन्होंने पथ निर्माण विभाग को सड़क हादसों वाले 'ब्लैक स्पॉट' को जल्द ठीक करने को कहा। वहीं, जल संसाधन विभाग को बाढ़ प्रबंधन की ठोस योजना बनाने और अंतरराज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाओं को अगले मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, डीजीपी प्रीता वर्मा और गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

.jpg)
