जल संरक्षण, हरियाली विस्तार और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत राज्य में जमीनी स्तर पर कई बड़े बदलाव दर्ज किए गए हैं। ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न अवयवों के अंतर्गत शुरू की गई अधिकांश योजनाओं को पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य भी तेजी से अंतिम चरण में हैं।
अतिक्रमण हटाने और पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने की दिशा में अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिली है। अवयव-1 के तहत चिन्हित 17,553 र्वजनिक जल संचयन संरचनाओं में से 17,545 को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है और केवल 8 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। इसी प्रकार चिन्हित 10,965 सार्वजनिक कुओं में से 10,964 को अतिक्रमण मुक्त कर लिया गया है।
जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार में भी रफ्तार बरकरार है। अवयव-2 के अंतर्गत सार्वजनिक तालाबों और पोखरों के जीर्णोद्धार के लिए प्रारंभ 27,351 कार्यों में से 27,106 पूरे हो चुके हैं और 245 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। अवयव-3 के तहत सार्वजनिक आहरों और पईनों के जीर्णोद्धार के 83,496 प्रारंभ कार्यों में से 83,089 पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि 407 कार्य प्रगति पर हैं। वहीं अवयव-4 के अंतर्गत सार्वजनिक कुओं के जीर्णोद्धार के 38,970 कार्यों में से 38,787 पूरे हो चुके हैं और 183 कार्य प्रक्रियाधीन हैं।
भूजल रिचार्ज और जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी राज्य में व्यापक काम हुआ है। अवयव-5 के तहत सार्वजनिक चापाकलों और कुओं के किनारे सोख्ता निर्माण के 2,37,330 प्रारंभ कार्यों में से 2,34,625 पूरे हो चुके हैं और 2,705 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। अवयव-6 के अंतर्गत चेक डैम एवं जल संचयन की अन्य संरचनाओं के निर्माण के 31,602 कार्यों में से 31,407 पूरे किए जा चुके हैं और 195 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। अवयव-7 के तहत नए जल स्रोतों के सृजन के 13,800 कार्यों में से 13,740 पूर्ण हो गए हैं, जबकि 60 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। सरकारी भवनों में वर्षा जल संचयन और हरित ऊर्जा के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया है। अवयव-8 के अंतर्गत छत-वर्षा जल संचयन के 87,762 प्रारंभ कार्यों में से 86,866 पूरे हो चुके हैं और 896 कार्य प्रक्रियाधीन हैं। सघन पौधरोपण के तहत 24.03 करोड़ पौधे लगाए गए हैं और अवयव-9 के अंतर्गत 16,512 कार्यों में से 16,156 पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही जैविक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में 1,60,642 एकड़ सूक्ष्म सिंचाई के तहत 62,041 एकड़ और मौसम अनुकूल खेती के तहत 2,85,667 एकड़ क्षेत्रफल को आच्छादित किया गया है। वहीं, अवयव-10 के अंतर्गत 12,892 भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

