MMDR Act 2026: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन केंद्र सरकार के नए खनिज कानून को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में 'खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026' (MMDR) के खिलाफ एक सरकारी प्रस्ताव पेश किया। राज्य सरकार ने इस कानून से प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपए के राजस्व नुकसान की आशंका जताते हुए केंद्र से इसे वापस लेने या इस पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
क्यों विरोध कर रही है झारखंड सरकार?
सदन के पटल पर रखे गए प्रस्ताव में बताया गया कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को यह संशोधन कानून अधिसूचित किया है। राज्य सरकार के अनुसार, इस कानून ने खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर या उपकर (सेस) लगाने की राज्यों की शक्तियों को सीमित कर दिया है। इसके अलावा, पहले लगाए गए राज्य करों की बकाया राशि के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।सरकार का मानना है कि संसाधनों की कमी से राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में बाधा आएगी। प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि खनन का सबसे अधिक असर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोगों पर पड़ता है, जो विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान झेलते हैं। ऐसे में खनिज राजस्व का उपयोग इन्हीं वर्गों के उत्थान के लिए होना जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
प्रस्ताव में जुलाई 2024 के सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों वाली संविधान पीठ के फैसले का भी जिक्र किया गया है। 'मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड' मामले में शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि राज्यों को खनिज युक्त भूमि पर कर और उपकर लगाने का संवैधानिक अधिकार है।इसी अधिकार के तहत राज्य सरकार ने 'झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024' बनाया था, जिससे सालाना लगभग 13 हजार करोड़ रुपए का राजस्व मिल रहा था। सरकार का दावा है कि नए केंद्रीय कानून से इस व्यवस्था पर रोक लग गई है और देश का संघीय ढांचा भी प्रभावित हो रहा है।
बाबूलाल मरांडी ने आंकड़ों के साथ किया पलटवार
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में लाए गए इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए राज्य सरकार पर अपनी विफलताएं छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय खनिज राजस्व का 60.24 प्रतिशत हिस्सा राज्यों को मिलता था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बढ़ाकर 88.53 प्रतिशत कर दिया है।मरांडी ने कहा कि पिछले एक दशक में राज्यों के खनिज राजस्व में 354 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह राशि 2014-15 के 25,206 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025 में 1.14 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार के नुकसान के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड को 2024-25 में 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक और 2025-26 में 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खनिज राजस्व मिला है, जिसके अतिरिक्त 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक का सेस भी प्राप्त हुआ है।
कल्पना सोरेन बोलीं- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं
प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर राज्य के वित्तीय अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से केवल संसाधनों का दोहन किया जाए। उन्होंने अनुमान जताया कि अगले 10 वर्षों में राज्य को खनिज से 2.56 लाख करोड़ रुपए का राजस्व मिल सकता था, लेकिन नए कानून के बाद यह घटकर करीब एक लाख करोड़ रुपए रह जाएगा, जिससे राज्य को लगभग 61 प्रतिशत (1.56 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान होगा।कल्पना सोरेन ने आगे कहा कि कोयला कंपनियों के पास राज्य की दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है, जिससे स्थानीय लोग विस्थापन और प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून बनाने से पहले खनिज उत्पादक राज्यों से कोई सलाह नहीं ली गई।


