राजगीर महोत्सव-2026 के अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने बुधवार को कृषि मेले का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के स्तर से लगाई गई विभागीय प्रदर्शनी का भी फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। राजगीर में राजकीय अतिथिशाला के सामने हॉकी मैदान में आयोजित इस खास मेला का मंत्री ने भ्रमण कर स्थानीय लोगों से बात भी की। मंत्री ने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। किसानों की खुशहाली, कृषि का आधुनिकीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती विकसित बिहार के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।
मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार में कृषि एवं किसानों के विकास के लिए लगातार महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। सरकार की प्राथमिकता किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती, कृषि यंत्रों और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए अनुसंधानों से जोड़ना है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और रोजगारपरक बनाया जा सके। कृषि मेले जैसे आयोजन किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराने और कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज खेती में तकनीक और नवाचार का महत्व लगातार बढ़ रहा है। किसानों को चाहिए कि वे पारंपरिक अनुभव के साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को भी अपनाएं तथा कृषि विभाग की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाएं। इससे उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आमदनी में सुधार के अवसर भी सृजित होंगे।इस अवसर पर मंत्री श्री श्रवण कुमार ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी उपलब्धियों और जनहितकारी पहलों को आकर्षक एवं सूचनापरक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। विभिन्न सूचना पटों के माध्यम से आम नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और पात्रता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

