RBI MSME Meeting : कोलकाता में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा आयोजित 31वीं स्टैंडिंग एडवाइजरी कमेटी (एसएसी) की बैठक में बिहार का प्रतिनिधित्व बिहार उद्यमी संघ के महासचिव एवं एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अभिषेक कुमार और बिहार उद्यमी संघ के कोषाध्यक्ष पंकज कुमार ने किया। इस दौरान दोनों प्रतिनिधियों ने आरबीआई के डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जानकीरमन से विशेष मुलाकात कर संवाद किया।
यह बैठक 27 नवंबर 2026 को आयोजित हुई, जिसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के क्षेत्र में ऋण प्रवाह की समीक्षा करना और नीतिगत विषयों पर चर्चा करना था। स्वामीनाथन जानकीरमन के साथ बातचीत में बिहार की एमएसएमई नीतियों, राज्य में उद्यमिता की संभावनाओं, छोटे कारोबारों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने और ऋण लेने में आने वाली जमीनी अड़चनों पर विचार रखे गए।
बैठक में आरबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न बैंकों के शीर्ष प्रतिनिधियों, सिडबी, नाबार्ड, सीजीटीएमएसई, एनसीजीटीसी, वित्तीय संस्थानों, केंद्र सरकार के मंत्रालयों-विभागों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी पक्षों ने एमएसएमई क्षेत्र में कर्ज की उपलब्धता और वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर विमर्श किया।
ऋण के बाद भी मार्गदर्शन जरूरी: पंकज कुमार
बिहार उद्यमी संघ ने सुझाव दिया कि एमएसएमई वित्तपोषण को केवल कर्ज की मंजूरी और वितरण तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उद्यमियों को ऋण लेने से पहले, लेने के दौरान और मिलने के बाद भी व्यवस्थित मार्गदर्शन मिलना चाहिए।
कोषाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि बिहार के छोटे शहरों, ग्रामीण इलाकों और जिलों में काम करने वाले कई उद्यमियों के सामने केवल पूंजी की कमी नहीं है। उनके लिए वित्तीय जागरूकता, सही कर्ज उत्पाद की जानकारी, कागजी तैयारी, बैंकिंग प्रक्रियाओं की समझ और कर्ज मिलने के बाद कारोबार को सही ढंग से चलाने की चुनौती भी बड़ी है।
संघ के मुताबिक, कर्ज मिलने के बाद व्यवसाय प्रबंधन, बहीखाता, नकदी प्रवाह, समय पर भुगतान, मेंटरशिप, नियमित सलाह और शुरुआती वित्तीय दिक्कतों को पहचानने में मदद देना जरूरी है। पंकज कुमार ने महिला उद्यमियों के क्रेडिट इतिहास, पहली बार संस्थागत ऋण लेने वाले कारोबारियों, क्रेडिट रिपोर्ट में जानकारी की उपलब्धता और सरकारी ऋण योजनाओं के जमीनी अमल से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
सरकारी योजनाओं और छोटे उद्यमों की पहुंच पर चर्चा
बैठक के एजेंडे में एमएसएमई क्षेत्र में ऋण प्रवाह, नए कर्ज ग्राहकों, क्रेडिट गारंटी व्यवस्था, डिजिटल और कैश फ्लो आधारित कर्ज, ट्रेड्स प्लेटफॉर्म, तनावग्रस्त एमएसएमई इकाइयों के पुनर्वास तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के अमल से जुड़े विषय शामिल रहे।
बिहार उद्यमी संघ ने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर के उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। पहली पीढ़ी के उद्यमियों, महिला उद्यमियों, सूक्ष्म कारोबारों और ग्रामीण व अर्धशहरी क्षेत्रों के उद्यमियों को बैंकिंग व वित्तीय संस्थानों से जोड़ने के लिए जागरूकता, मार्गदर्शन और संस्थागत तालमेल मजबूत करने की जरूरत बताई गई।
पीएमईजीपी सहित सरकारी सहायता योजनाओं में ऋण मंजूरी, सब्सिडी दावों, क्रेडिट गारंटी और बैंक स्तर पर अटकी प्रक्रियाओं जैसी चुनौतियों पर भी बात हुई। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के सूक्ष्म उद्यमों से जुड़ी पीएमएफएमई योजना के क्रियान्वयन और उद्यमियों को मिलने वाले सहयोग पर भी चर्चा की गई।
राष्ट्रीय मंच पर भागीदारी को बताया अहम
बिहार उद्यमी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय नीति-स्तरीय मंच पर बिहार के उद्यमियों की जमीनी समस्याओं, जरूरतों और संभावनाओं को रखना राज्य के एमएसएमई तंत्र के लिए अहम है।
संघ का मानना है कि बिहार के जिला मुख्यालयों, छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे उद्यमी हैं, जिनमें विकास और रोजगार पैदा करने की क्षमता है। उन्हें सही समय पर वित्तीय जानकारी, उपयुक्त संस्थागत कर्ज, व्यावसायिक सलाह और कर्ज के बाद लगातार सहयोग मिलने की आवश्यकता है।
संघ ने आरबीआई, वित्तीय संस्थानों, बैंकों, सरकारी विभागों और उद्योग संगठनों का आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी बिहार के एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं व सुझावों को संबंधित संस्थानों तक पहुंचाने और उद्यमियों व वित्तीय संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


