Sharad Pawar Retirement: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की सेहत और उनके सियासी भविष्य को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलें तेज हैं। इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे शरद पवार के सक्रिय राजनीति से दूर होने की चर्चाओं पर अब उनकी बेटी और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सुले ने साफ कहा है कि शरद पवार के संन्यास लेने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं।
संन्यास की खबरों को सुप्रिया सुले ने बताया भ्रामक
दरअसल, एक अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि खराब स्वास्थ्य के कारण शरद पवार राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने इन दावों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता के बारे में ऐसी गलत खबरें फैलाना बेहद हैरान करने वाला है।
राज्यसभा कार्यकाल का दिया हवाला
सुप्रिया सुले ने तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि शरद पवार के राज्यसभा कार्यकाल में अभी 5 साल का समय बाकी है। ऐसे में उनके रिटायरमेंट की बातें करना पूरी तरह बेतुका है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजनीति में किसी नेता की सक्रियता या संन्यास का फैसला करने का अधिकार केवल देश की जनता के पास होता है।
NCP के दोनों गुटों के विलय पर भी लगाया विराम
महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा थी कि एनसीपी के दोनों गुट फिर से एक हो सकते हैं। अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मिलने जब दूसरे गुट के नेता प्रफुल पटेल पहुंचे, तो इन अटकलों को और बल मिला। इससे पहले सुनील तटकरे ने भी यह राजनीतिक दावा किया था कि अजित पवार ने दोनों गुटों को साथ लाने के लिए बातचीत शुरू की थी।
अजित पवार के निधन के साथ बंद हुआ विलय का अध्याय
विलय की इन तमाम चर्चाओं पर सुप्रिया सुले ने सीधा जवाब दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों गुटों को एक करने पर बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन वह दौर केवल तब तक था जब तक उनके भाई अजित पवार जीवित थे। सुले ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अजित पवार के निधन के साथ ही उनकी ओर से यह बातचीत हमेशा के लिए समाप्त हो गई। उन्होंने बताया कि अब उनकी पार्टी का कोई भी नेता इस मुद्दे पर बात नहीं करता और उनके लिए यह अध्याय पूरी तरह बंद हो चुका है।

