Trains Cancelled Due to Fog: सर्दियों की दस्तक और घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को दिसंबर से मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है, जबकि कई गाड़ियों के फेरों में कटौती की गई है। नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) पोर्टल पर इस संबंध में अपडेट जारी कर दिया गया है।
ये तीन प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह रहेंगी रद्द
रेलवे के नए शेड्यूल के मुताबिक, प्रतिदिन चलने वाली नई दिल्ली-मालदा टाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस का परिचालन बंद रहेगा। ट्रेन संख्या 14004 तीन दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक और ट्रेन संख्या 14003 पांच दिसंबर 2026 से दो मार्च 2027 तक रद्द रहेगी।
इसके अलावा, साप्ताहिक कोलकाता एक्सप्रेस (22198 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी) चार दिसंबर से 26 फरवरी तक नहीं चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22197 छह दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक रद्द रहेगी। वहीं, मंगलवार और शुक्रवार को चलने वाली हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस (13035) भी एक दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक बंद रहेगी।
लखनऊ और गोरखपुर इंटरसिटी के फेरे घटे
पटना आने-जाने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों के साप्ताहिक फेरों को कम किया गया है। लखनऊ-पटना एक्सप्रेस (15034) 15 दिसंबर 2026 से 10 फरवरी 2027 के बीच हर सोमवार, मंगलवार और बुधवार को रद्द रहेगी।
इसी तरह, गोरखपुर-पटना एक्सप्रेस (15080) 16 दिसंबर 2026 से 14 फरवरी 2027 तक सप्ताह में केवल तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) चलेगी। शेष चार दिन यानी बुधवार, शुक्रवार, रविवार और सोमवार को इसका संचालन बंद रहेगा।
नॉर्थ ईस्ट और महानंदा एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन बंद
पाटलिपुत्र और दानापुर जंक्शन पर रुकने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस भी कोहरे से प्रभावित हुई है। ट्रेन संख्या 12506 (आनंद विहार-कामाख्या) चार दिसंबर 2026 से दो मार्च 2027 तक मंगलवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी। वहीं, 12505 (कामाख्या-आनंद विहार) दो दिसंबर से 28 फरवरी तक रविवार और बुधवार को रद्द रहेगी।
पटना जंक्शन होकर गुजरने वाली महानंदा एक्सप्रेस (15483) दो दिसंबर से 16 जनवरी 2027 के बीच बुधवार और शनिवार को नहीं चलेगी। इसकी वापसी ट्रेन (15484) चार दिसंबर से एक मार्च के बीच सोमवार और शुक्रवार को रद्द रखी गई है।
गरीब रथ और अवध असम एक्सप्रेस का नया समय
आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22405) तीन दिसंबर से 25 फरवरी के बीच हर गुरुवार को रद्द रहेगी। वापसी में भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस दो दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक हर बुधवार को नहीं चलेगी। इसके अलावा, अवध असम एक्सप्रेस (15909) पांच दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को और लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15910) आठ दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को रद्द रहेगी।


