उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को 16 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत गीते को रायगढ़ और अरविंद सावंत को दक्षिण मुंबई से प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी ने ठाणे से राजन विचारे, मुंबई उत्तर-पश्चिम से अमोल कीर्तिकर और मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय पाटिल को मैदान में उतारा है।
शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कहा कि पार्टी कुल 22 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है और बाकी 5 नामों की घोषणा एक-दो दिन में कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हातकणंगले में किसान नेता राजू शेट्टी ने महा विकास अघाड़ी से समर्थन मांगा है और हम इस पर चर्चा कर रहे हैं। राउत ने कहा, “सीट जीतने की क्षमता के आधार पर पार्टी ने कोल्हापुर, रामटेक आदि सीटें कांग्रेस को छोड़ दीं। हमने प्रकाश अंबेडकर को 5 सीटों की पेशकश की है और उनके फैसले का इंतजार कर रहे हैं।”
उद्धव ने किसे कहां से दिया टिकट, देखें लिस्ट
- बुलढाणा से नरेंद्र खेडकर
- यवतमाल वाशिम से संजय देशमुख
- मावल से संजोग वाघेरे पाटील
- सांगली से चंद्रहार पाटिल
- हिंगोली से नागेश पाटील आष्टीकर
- संभाजी नगर से चंद्राकर खैरे
- धारशीव से ओमराजे निंबाळकर
- शिर्डी से भाऊसाहब
- नाशिक से राजाभऊ वाजे
- रायगढ़ से अनंत गीते
- सिंधुदुर्ग-रत्नागिरी से विनायक राउत
- ठाणे से राजन विचारे
- मुम्बई उत्तर पूर्व से संजय दिना पाटील
- उत्तर पश्चिम मुंबई से आमोल कीर्तिकर
- मुंबई दक्षिण से अरविंद सावंत
- परभणी से संजय जाधव
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को महाराष्ट्र की पांच लोकसभा सीट पर मतदान होना है। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की समयसीमा खत्म होने में महज आज की दिन बाकी है। बता दें कि महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल कांग्रेस राज्य की कुल 48 सीटों में से 12 पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। जबकि राकांपा (शरदचंद्र पवार) को औपचारिक रूप से अपने उम्मीदवारों की घोषणा करनी अभी बाकी है।