JMM ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। वह 29 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। कल्पना सोरेन का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार दिलीप वर्मा से होगा। उधर, जमशेदपुर लोकसभा सीट से मोर्चा ने बहरागोड़ा से विधायक समीर महंती को अपना उम्मीदवार बनाया है।
झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के निर्देश पर महासचिव विनोद पांडेय ने गुरुवार को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की। इस निर्णय के साथ ही जमशेदपुर गठबंधन प्रत्याशी को लेकर चल रहे अटकलों का दौर भी समाप्त हो गया है।
समीर मोहंती का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार विद्युत वरण महतो से होगा। यह भी उल्लेखनीय है कि विद्युत वरण महतो बहरागोड़ा के विधायक रहे हैं। गांडेय में 20 मई और जमशेदपुर में 25 मई को मतदान होगा।
बता दें कि पति हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद कल्पना सोरेन तेजी से राजनीतिक फलक पर उभरी हैं। उन्होंने आइएनडीआइए की मुंबई, दिल्ली और रांची में हुई रैलियों में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। गिरिडीह में पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी।