लोकसभा चुनाव के तारीखों के एलान के बाद से ही पार्टियों में अब खलबली मच गई है। चुनाव का बिगुल बजते ही पार्टियों में तैयारियों की होड़ शुरू हो गई है। इस बीच लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में आज यानी की 18 मार्च को सीटों का बंटवारा हो सकता है।
ऐसा माना जा रहा है कि पशुपति पारस और उपेन्द्र कुशवाहा को एनडीए में सम्मान के साथ सही हिस्सेदारी नहीं मिल रही है। ऐसे में लालू यादव उनकी बाट जोह रहे हैं। यही कारण है कि राजद बिहार में अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है।
महागठबंधन में सीट पर जिसे पेंच बताया जा रहा, वही मोल-तोल में कमजोर पड़ते दिख रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के दो सहयोगियों के रुख की प्रतीक्षा है। पशुपति कुमार पारस और उपेन्द्र कुशवाहा को राजग में अपेक्षा के अनुरूप हिस्सेदारी नहीं मिल रही। ऐसे में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद उन दोनों को महागठबंधन का हमराही बनाने की आस लगाए बैठे हैं। राजद के लिए अधिक सीटों की अपेक्षा का एक यह भी कारण है। हालांकि, सोमवार को महागठबंधन में बड़े घटक दलों का हिस्सा लगभग तय हो चुका है।
बता दें कि भाजपा और जदयू के साथ चिराग पासवान को भी राजग में सम्मानजनक हिस्सेदारी मिल जाने के बाद पारस और कुशवाहा अपने लिए गुणा-गणित लगाकर परिणाम संतोषजनक नहीं पा रहे। महागठबंधन में कुशवाहा को पिछली बार पांच सीटें मिली थीं।