लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है। इस चरण में प्रचार अभियान बुधवार, 17 अप्रैल को शाम पांच बजे के बाद थम जाएगा। इस चरण में बिहार की 4 सीटों पर नामांकन होना है। इसमें गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई शामिल है। इन चार सीटों पर कुल 38 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बड़े नामों में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी गया से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर नवादा से मैदान में हैं। वहीं औरंगाबाद से तीन बार से सांसद रहे सुशील कुमार सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत, पूर्व विधायक अभय कुशवाहा जैसे नेताओं का जनता के बीच टेस्ट इसी चरण में होना है।
बिहार से चलाई जा रही समर स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
4 में दो सीटें सुरक्षित
बिहार में पहले चरण में जिन 4 सीटों पर मतदान होना है, उनमें दो सुरक्षित सीटें हैं। पहली सीट जमुई है, जहां से एनडीए की ओर से अरुण भारती मैदान में हैं। तो राजद ने अर्चना कुमारी को टिकट दिया है। वहीं गया सीट पर एनडीए उम्मीदवार जीतन राम मांझी हैं, जिनके खिलाफ कुमार सर्वजीत राजद के उम्मीदवार हैं। औरंगाबाद में भाजपा के सुशील कुमार सिंह के मुकाबले में राजद ने अभय कुशवाहा को उतारा है। तो नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर के मुकाबले श्रवण कुमार राजद के उम्मीदवार हैं। नवादा में राजद के बागी विनोद यादव भी हैं।
4 में से तीन सीटों पर नए चेहरे
इन चार सीटों में से तीन पर नए चेहरे का चुना जाना तय माना जा रहा है। गया सीट 2019 में जदयू के पास थी लेकिन इस बार यह सीट हम सेक्युलर के खाते में गई है। उसी तरह नवादा सीट पहले लोजपा के खाते में थी, इस बार भाजपा के पास है। जमुई में चिराग पासवान ने अपनी जगह अरुण भारती को टिकट दिया है। जबकि औरंगाबाद में भाजपा ने बदलाव नहीं किया है।