लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार, 2 मार्च को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें दिल्ली की 7 में से 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। घोषित 5 सीटों में से सिर्फ मनोज तिवारी को नॉर्थ ईस्ट सीट से रिपीट किया गया है। अन्य घोषित चार सीटों पर नए उम्मीदवार हैं।
प्रज्ञा ठाकुर को नहीं किया गया माफ, भोपाल लोकसभा सीट से पत्ता साफ
घोषित सीटों में पश्चिमी दिल्ली सीट से सांसद प्रवेश वर्मा का टिकट काट कर कमलजीत सहरावत को नया प्रत्याशी बनाया गया है। कमलजीत सहरावत दिल्ली भाजपा में महामंत्री हैं। वहीं चांदनी चौक सीट से डॉ. हर्षवर्धन की जगह पर प्रवीण खंडेलवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।
जबकि केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी का नई दिल्ली से टिकट काटकर पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज भाजपा की उम्मीदवार बनी हैं। दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी भी बेटिकट हो गए हैं। उनकी जगह दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी नए उम्मीदवार होंगे। भाजपा ने पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उम्मीदवारों का ऐलान अभी नहीं किया है। पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान भी किया है।