प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झारखंड में चुनावी सभा होगी। यह सभा चाईबासा में होगी। मई के पहले सप्ताह में PM की चुनावी सभा होने की उम्मीद है। हालांकि अभी उनके कार्यक्रम की आधिकारिक रूपरेख तय नहीं हुई है। लेकिन सोर्स बता रहे हैं कि पहली चुनावी सभा चाईबासा में ही होनी है।
पीएम मोदी के आगमन को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता अभी से ही अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। गौरतलब है कि देश के चौथे चरण में झारखंड का पहले फेज का मतदान होना है। चौथे चरण में राज्य के 4 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे।
बीजेपी के मुताबिक लोकसभा चुनाव में संथाल और कोल्हान बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण सीट है। यहां अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए बीजेपी अपनी जान झोंक देगी। संथाल में पार्टी तो फिर भी कुछ हद तक मजबूत है पर कोल्हान एकदम अलग है। इसी को साधने के लिए बीजेपी ने गीता कोड़ा को टिकट दिया है। हालांकि स्थानीय वोटर गीता कोड़ा से नाराज चल रहे हैं। इस वजह से यह सीट थोड़ा मुश्किलों में है। इसी को साधने के लिए यहां पीएम मोदी की सभा रखी जा रही है। पार्टी सूत्र ने संथाल में भी मोदी की सभा होने की बात कही है।
झारखंड के फेज वन में सिंहभूम, खूंटी, पलामू, लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में 13 मई को मतदान होगा। फेज टू में चतरा, कोडरमा, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में 20 मई को वोटिंग होना है। फेज तीन में गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में 25 मई को मतदान होना है। वहीं, फेज चार में राजमहल, दुमका, गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में 1 जून को वोटिंग होगी। ऐसे में नेताओं द्वारा जनता को लगातार संबोधित किया जा रहा है।