लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है. इस बीच दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए भी नेताओं ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को दूसरे चरण के चुनाव को लेकर जनसभा की शुरुआत कर चुके हैं। नीतीश कुमार की आज बांका और भागलपुर में जनसभा हुई है। नीतीश कुमार बांका लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद गिरधारी यादव के लिए वोट मांगने गए हैं। इस दौरान उन्होंने फिर एक बार लालू परिवार पर हमला बोला है।
एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार गिरधारी यादव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में में हर क्षेत्र में विकास का काम किया गया है। आरजेडी प्रमुख लालू यादव और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि पहले पति पत्नी के राज में बिहार में कोई भी काम नहीं हुआ था। लोगों को घर से बाहर निकलने तक में डर लगता था। शाम होते लोग बाहर निकलना बंदा कर देते थे लेकिन आज रात में भी लोग बाहर घूमने जाते हैं।
सीएम नीतीश ने कहा कि चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या स्वास्थ्य का क्षेत्र हो हर क्षेत्र में उनके कार्यकाल में विकास का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि अब वह कभी भी भाजपा से अपना नाता नहीं छोड़ सकते हैं। भाजपा के साथ ही रहेंगे। उन्होंने बिहार के प्रजनन दर पर चर्चा करते हुए कहा कि इसमें काफी हद तक लड़कियों में शिक्षा के कारण सुधार हुआ है। उन्होंने जीविका दीदियों की चर्चा करते हुए कहा कि आज महिलाओं का बिहार में जीविका के माध्यम से बेहतर उत्थान किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार में और विकास का कार्य होगा।