भाजपा पर संविधान बदलने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पूरे चुनाव को संविधान बचाने की मुहीम की तरफ ले जा रही थी कि सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के अमेरिकी ज्ञान ने कांग्रेस को बैकफुट पर ला दिया है। भाजपा अभी कांग्रेस को उनके घोषणापत्र में संपत्ति की बात को लेकर लगातार हमलावर है तो अब सैम पित्रोदा के इस बयान से और हलचल मच गई है।
कांग्रेस पार्टी की सोच माओवादी
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की टिप्पणी पर भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि राहुल गांधी के सलाहकार यह कह रहे हैं कि जो मेहनत से कमाते हैं, उनकी कमाई उनके बच्चों को नहीं मिल सकती है। कांग्रेस पार्टी की सोच पूरी माओवादी है, हम इसकी भर्त्सना करते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की जो सोच है, उसको देश ने पहले भी नकारा है। जो मेहनत करके खुद को आगे बढ़ाते हैं, भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी।
Sam Pitroda की अमेरिकी नीति ने कांग्रेस को बैकफुट पर धकेला
क्या कहा था सैम पित्रोदा ने
दरअसल, Sam Pitroda के बयान को भाजपा ने कांग्रेस की नीति बताई है। चूंकि भाजपा पहले से आरोप लगा रही है कि वो हिंदुओं की संपत्ति मुसलमानों में बांटना चाहती है। ऐसे में सैम पित्रोदा का यह बयान भी इसके समकक्ष माना जा रहा है। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने अमेरिका की विरासत टैक्स नीति की चर्चा की और कहा कि वहां किसी के भी मरने पर 55 फीसदी दौलत सरकार की हो जाती है। परिजनों और बच्चों का हक 45 फीसदी ही रहता है। बीच चुनाव में सैम का यह बयान कांग्रेस के गले की हड्डी बन गया है।